निगम आपके द्वार कार्यक्रम में अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं

 


निगम आपके द्वार कार्यक्रम में अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं


आपके द्वार कार्यक्रम के तहत रविवार को नगर निगम अधिकारी चार वार्डों में पहुंचे। संबंधित निगम पार्षदों की अध्यक्षता में वार्ड-13, 18, 25 व 34 में नगर निगम अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं। निगम अधिकारियों ने वार्ड-13 में निगम पार्षद ब्रह्म यादव, वार्ड-18 में निगम पार्षद सुभाष सिंगला, वार्ड-25 में निगम पार्षद सुभाष फौजी व वार्ड-34 में निगम पार्षद आरएस राठी की अध्यक्षता में वार्ड निवासियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में नागरिकों की ओर से स्ट्रीट डॉग, बागवानी, सड़क, सीवर, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति, अतिक्रमण सहित अन्य प्रकार की शिकायतें निगम अधिकारियों के समक्ष रखी। संबंधित संयुक्त आयुक्तों गौरव अंतिल, हरीओम अत्री एवं संजीव सिंगला ने मौके पर ही शिकायतों का त्वरित समाधान करने के लिए कार्यकारी अभियंताओं को निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त अमित खत्री के अनुसार वार्डों में समस्याओं की वास्तविकता की जानकारी लेकर उनका समाधान करने व अधिकारियों एवं जनता को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से प्रत्येक रविवार को नगर निगम आपके द्वार कार्यक्रम चलाया जा रहा है।