मेलानिया के स्कूली दौरे में नहीं होंगे केजरीवाल

 


मेलानिया के स्कूली दौरे में नहीं होंगे केजरीवाल


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप के दिल्ली के सरकारी स्कूल के दौरे पर विवाद खड़ा हो गया है। मेलानिया ट्रंप 25 फरवरी को एक सरकारी स्कूल में बच्चों के बीच हैपीनेस क्लास की खूबियों से रूबरू होंगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मेजबानों की सूची में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम नहीं है। इससे दिल्ली सरकार के अधिकारी भी हैरान हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस मामले में केंद्र और दिल्ली सरकार ने चुप्पी साध ली है। शनिवार को मीडिया के सामने आने के बावजूद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व पर्यावरण मंत्री गोपाल राय इसकी जानकारी होने से इंकार करते रहे।


 

भारत दौरे पर पहुंच रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप 25 फरवरी को दिल्ली सरकार के एक स्कूल का दौरा करेंगी। आयोजन में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व मनीष सिसोदिया को अमेरिकी मेहमान का स्वागत करना था। साथ ही बीते दो साल से चल रहे हैपीनेस क्लास के बारे में जानकारी भी देनी थी। इस बारे में बीते एक सप्ताह से केंद्र व अमेरिकी दूतावास लगातार दिल्ली सरकार के संपर्क में था।
सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार तक सब तयशुदा योजना के हिसाब से चल रहा था। स्कूलों की लिस्ट, बच्चों की संख्या आदि से जुड़े आंकड़े केंद्र व अमेरिकी दूतावास को भेज दिए गए थे। लेकिन शनिवार सुबह अचानक बताया गया कि केजरीवाल व सिसोदिया का नाम मेजबानों की लिस्ट में नहीं है। इस बारे में केंद्र सरकार की ओर से कोई ठोस वजह नहीं बताई गई है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली सरकार इसे सियासी मुद्दा नहीं बनाना चाहती। बगैर किसी विवाद के सरकार की कोशिश दौरे को उसके अंजाम तक पहुंचाने की है।
सिसोदिया व गोपाल राय ने साधी चुप्पी
शनिवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय मीडिया के सामने आए। लेकिन दोनों मंत्रियों ने इस बारे में कोई जानकारी होने से इंकार किया। हालांकि, मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया कि हैपीनेस क्लास सभी नफरत और छोटी मानसिकता का हल है। साथ ही खुशी जताई कि दिल्ली के सरकारी स्कूल दुनिया को एक रास्ता दिखा रहा है। जबकि गोपाल राय ने कहा कि इस बारे में अभी कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। बगैर औपचारिक जानकारी के इस बारे में कोई बात करना ठीक नहीं है।